उदयपुर 15 नवम्बर
स्मार्ट हलचल|भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित ‘माय भारत’ पोर्टल पर जिले के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों तथा 15 से 19 आयु वर्ग के सभी विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए आगामी 16 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान ‘स्पेशल रजिस्ट्रेशन ड्राइव’ चलाया जाएगा।समग्र शिक्षा उदयपुर के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कुंज बिहारी भारद्वाज ने बताया कि पूर्व में जारी निर्देशों के बावजूद जिले के किसी भी ब्लॉक में पंजीकरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण नहीं हो पाया है। इसी को ध्यान में रखते हुए राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, जयपुर के निर्देशानुसार समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को यह विशेष अभियान चलाकर कार्य पूर्ण करने के लिए पाबंद किया गया है।
इस संबंध में एडीपीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समस्त ब्लॉक अपने अधीनस्थ पीईईओ एवं यूसीईईओ से 19 नवंबर तक कार्य पूर्णता का प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे और संकलित सूचना के साथ इसे जिला कार्यालय को प्रेषित करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन पीईईओ अथवा यूसीईईओ द्वारा निर्धारित समयावधि में यह कार्य पूर्ण नहीं किया जाएगा, उन्हें तत्काल नोटिस जारी कर उसकी प्रति मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय को भेजी जाएगी।
प्रभारी एपीसी राजेंद्र प्रसाद नायक ने बताया कि इस कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह यादव द्वारा प्रत्येक ब्लॉक के लिए एक एक मॉनिटरिंग अधिकारी की नियुक्ति की गई है जो ब्लॉक स्तर पर गतिविधि प्रभारी से समन्वयन करते हुए शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।साथ ही अभियान के अंतिम दिन 19 नवम्बर को आवंटित ब्लॉक में उपस्थित होकर कार्य की प्रगति की समीक्षा करेंगे। दूसरी ओर कार्यक्रम की प्रतिदिन की प्रगति के लिए एडीपीसी कार्यालय के साथ साथ ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।