10th Result 2026 Performance: 10वीं का रिजल्ट… मैथ्स-साइंस में किसने मारी बाजी

 

कुछ विषयों में प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर
टॉप स्कोर हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या सीमित

(हरिप्रसाद शर्मा)

अजमेर/स्मार्ट हलचल|राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) अजमेर ने कक्षा 10वीं का परिणाम जारी कर दिया है। करीब 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे। कई विषयों में छात्रों ने उत्कृष्ट परिणाम दिए हैं, जबकि कुछ विषयों में प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है। विषयों के अनुसार अगर परिणामों को देखा जाए तो गुजराती भाषा में सबसे ज्यादा अच्छा प्रदर्शन रहा है। इसका परिणाम 100 फीसदी रहा है। वहीं, हेल्थ केयर विषय में 92.40 प्रतिशत विद्यार्थी ही पास हो सके। हेल्थ केयर विषय का परिणाम सबसे खराब रहा है।

हिंदी विषय में नियमित छात्रों में 99.22 प्रतिशत और प्राइवेट छात्रों में 99.20 प्रतिशत विद्यार्थी पास हो सके हैं। वहीं, संस्कृत में 99.31 फीसदी विद्यार्थी पास हुए हैं। पंजाबी में 99.03 फीसदी परिणाम रहा।

अगर विशेष विषयों की बात की जाए तो गणित में 96.98 फीसदी नियमित विद्यार्थी पास हुए हैं। इसमें परीक्षा देने वाले निजी स्कूलों के विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 96.92 फीसदी रहा है। विज्ञान विषय में नियमित छात्रों में 96.93 प्रतिशत और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों में 96.88 फीसदी पास हुए हैं। वहीं समाजिक विज्ञान विषय में नियमित विद्यार्थियों का प्रतिशत 97.96% रहा और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों में 97.92% फीसद पास हुए हैं। हेल्थ केयर विषय में सबसे कम यानि 92.40 फीसदी विद्यार्थी पास हो सके हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी गणित और विज्ञान विषयों में इस बार पास प्रतिशत अन्य विषयों की तुलना में थोड़ा कम रहा है। खासकर टॉप स्कोर हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या सीमित दिखी है। विषयवार आंकड़ों पर नजर डालें तो हिंदी में 10 लाख 48 हजार 893 में से 10 लाख 40 हजार 573 छात्र सफल रहे हैं। इसका पास प्रतिशत 99.20 दर्ज किया गया। अंग्रेजी में 10 लाख 48 हजार 891 में से 10 लाख 26 हजार 518 छात्र पास हुए। इसमें पास प्रतिशत 97.86 रहा है। विज्ञान में 96.88 प्रतिशत और सामाजिक विज्ञान में 96.92 प्रतिशत छात्रों ने सफलता हासिल की, जबकि गणित में 96.98 प्रतिशत परिणाम दर्ज हुआ।

व्यावसायिक विषयों की बात करें तो ऑटोमोटिव में 98.23 प्रतिशत और ब्यूटी एंड वेलनेस में 97.75 प्रतिशत परिणाम रहा। वहीं, हेल्थ केयर (92.40 प्रतिशत) और आईटी एवं आईटीईएस (92.88 प्रतिशत) में अपेक्षाकृत कम सफलता दर देखने को मिली है। रिटेल में 96.97 प्रतिशत, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी में 96.44 प्रतिशत और सिक्योरिटी में 95.50 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा पास की है।