82 जोड़े एक साथ लेंगे सात फेरे, खटीक समाज का 13वां सामूहिक विवाह सम्मेलन कल

राजस्थान सहित गुजरात और मध्यप्रदेश से पहुंचेंगे वर-वधू, प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये के उपहार; तैयारियां पूरी

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|सामाजिक एकता और सादगीपूर्ण विवाह परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री शिव मंडल खटीक समाज सेवा संस्थान की ओर से 20 नवंबर को 13वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। तिलक नगर स्थित खटीक समाज छात्रावास (अहिंसा सर्किल) में होने वाले इस आयोजन में 82 जोड़े विवाह बंधन में बंधकर एक-दूसरे के हमसफर बनेंगे। सम्मेलन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजस्थान के अलावा गुजरात और मध्यप्रदेश से भी वर-वधू विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचेंगे।

संस्थान अध्यक्ष बंसीलाल पटेल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि समाजजनों के सहयोग से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन की शुरुआत 20 नवंबर को सुबह 9 बजे भव्य शोभायात्रा और बिंदोली के साथ होगी। शोभायात्रा शिव मंदिर दादाबाड़ी से रवाना होकर पुरानी धानमंडी, कसारा मोहल्ला होते हुए तिलक नगर रोड से निकलेगी और खटीक समाज छात्रावास, अहिंसा सर्किल पहुंचेगी। इसके बाद विवाह की विभिन्न रस्में और धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे।

पटेल ने बताया कि संस्थान की ओर से अब तक 12 सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 1069 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया है। अब 13वें सम्मेलन में 82 जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे। इस तरह संस्थान के माध्यम से अब तक 1151 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जा चुका होगा।

विवाह सम्मेलन के मुख्य अतिथि धौलपुर के पूर्व सांसद मनोज राजोरिया होंगे, जबकि अध्यक्षता सांसद दामोदर अग्रवाल करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी एवं धीरज गुर्जर शामिल होंगे। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी सुनीता राजोरिया, उद्योगपति हरजेश नारायणिया, अखिल भारतीय खटीक समाज के प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल चंदेल, जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

### प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये के उपहार

संस्थान की ओर से विवाह बंधन में बंधने वाले प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये के उपहार भेंट किए जाएंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में सामूहिक विवाह की परंपरा को प्रोत्साहित करना, सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करना तथा शादी-विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करना है।

पत्रकार वार्ता में महामंत्री शिवराम डीडवानिया (जीपी), सत्यनारायण खोईवाल, लक्ष्मीनारायण डीडवानिया, सचिव राधेश्याम सोलंकी, कोषाध्यक्ष डॉ. श्यामलाल पटेल, संयोजक हजारीलाल सोलंकी, शांतिलाल चावला, श्यामलाल खींची, अंबालाल पटेल, पुष्पेंद्र पटेल, रमेश खोईवाल सहित समाज के कई पदाधिकारी एवं समाजजन मौजूद रहे।