अनिल कुमार
ब्यावर, 11 फरवरी। स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए जिला कलेक्टर कमल राम मीना द्वारा भेजे गए 15 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति जिला प्रशासन के सतत प्रयासों का परिणाम है, जिससे राजकीय अमृतकौर जिला चिकित्सालय के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने गत दिनों राजकीय अमृतकौर जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया था, जिसमें अस्पताल के हॉल एवं कमरों की स्थिति जर्जर पाई गई। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारियों द्वारा अस्पताल में तीन नए हॉल/कमरों की आवश्यकता बताई गई, क्योंकि वर्तमान में उपलब्ध कक्षों की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने बताया कि राजकीय अमृतकौर जिला चिकित्सालय का भवन लगभग 70 वर्ष पुराना है तथा अस्पताल के तीन हॉल एवं बरामदे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे चिकित्सकों को बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और मरीजों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में अस्पताल के तीन कमरे एवं हॉल मय बरामदा असुरक्षित घोषित किए जा चुके हैं।
चिकित्सालय की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुराने एवं क्षतिग्रस्त हॉल व कमरों के स्थान पर नवीन हॉल मय बरामदा निर्माण, पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत, टाइल्स कार्य, सड़क, नाली एवं सीवरेज व्यवस्था तथा जल निकासी सुधार के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि का बजट प्रावधान स्वीकृत किया गया है।
इस बजट स्वीकृति से चिकित्सालय में चिकित्सकों को बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा तथा मरीजों की देखभाल के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित हो सकेंगी। साथ ही इस अस्पताल से ब्यावर जिले सहित राजसमंद, पाली एवं भीलवाड़ा के निकटवर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण बजट प्रावधान से चिकित्सा विभाग एवं आमजन में प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है तथा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सरकार की सकारात्मक पहल को बल मिलेगा।
