मुकेश खटीक
मंगरोप।हरिवंश कीर समाज नवयुवक मंडल ने 9वीं विशाल डाक कांवड़ यात्रा निकाली। यह यात्रा पुष्कर से शुरू हुई। 151 कांवड़ियों ने दौड़ते हुए 167 किलोमीटर की दूरी महज 12 घंटे में तय की। गांव में यह पहली बार हुआ जब पुष्कर से मंगरोप तक डाक कांवड़ यात्रा पहुंची। दिनभर इस यात्रा की चर्चा होती रही।कांवड़िए हरीश कीर ने बताया कि सोमवार सुबह 5.30 बजे पुष्कर के राज सरोवर से जल भरकर यात्रा शुरू की गई। सभी कांवड़िए दौड़ते हुए यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का उद्देश्य था- “सशक्त युवा, समृद्ध मंगरोप”। कांवड़ यात्रा बांदनवाड़ा, विजयनगर, गुलाबपुरा, रायला, सांगानेर होते हुए हरनी महादेव पहुंची। यहां डीजे की धुन पर कांवड़िए झूमे। हर हर महादेव के जयकारे लगाए।राकेश कीर ने बताया कि आरजिया, कोदूकोटा और सांगानेर में ग्रामीणों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। देर शाम यात्रा मंगरोप पहुंची। यहां गंगाराम कीर, भंवरलाल कीर, देबीलाल कीर, सत्यनारायण कीर, लादूलाल कीर, किशनलाल कीर, गोपाललाल कीर सहित समाज के लोगों ने माला पहनाकर स्वागत किया।हरिवंश कीर समाज मंदिर में 151 डाक कांवड़ से लाए गए जल से भगवान का भव्य जलाभिषेक किया गया। इसके बाद महाआरती हुई। प्रसाद वितरित किया गया।