श्री बाबाधाम का 18वां पाटोत्सव महोत्सव आज से, छप्पन भोग दर्शन व भव्य भजन संध्या से होगा आगाज

(महेन्द्र नागौरी)

सजावट से जगमगाया धाम, समितियों में सेवादारों को जिम्मेदारी; नहीं चढ़ता दान, सेवा से पूर्ण होती मनोकामना

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|श्याम नगर स्थित श्री बाबाधाम में 18वां पाटोत्सव महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ शुरू हो रहा है। पहले दिन रविवार को दिनभर पूजा-पाठ के बाद शाम को छप्पन भोग दर्शन और भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा।
धाम को आकर्षक रोशनी, फूलों और झंडियों से सजाया गया है। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए समितियां बनाकर सेवादारों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
छप्पन भोग व सजावट समिति में प्रवीण जैन, ओम व्यास, लोकेश अग्रवाल, सत्यनारायण चौधरी, गोपाल बंसल, श्रीकांत त्रिपाठी व पवन अग्रवाल सक्रिय हैं। वहीं भजन संध्या समिति में प्रमोद तोषनीवाल, सुरेश जैन, गोविंद जोशी, सुभाष लढ़ा, विनोद अग्रवाल, विनोद जागेटिया, सुरेंद्र शर्मा व नितिन बुंदेल सहित कई सेवादार जुटे हैं।
30 अप्रैल को मुख्य आयोजन
चैत्र सुदी बारस को अभिषेक, ध्वजा चढ़ाने, यज्ञ-हवन व महाआरती का आयोजन होगा। आचार्य पं. शिव कुमार जोशी, पं. योगेन्द्र शर्मा व पं. गौतम गोविंद के सानिध्य में विधि-विधान से कार्यक्रम संपन्न होंगे।
अनूठी परंपरा—नहीं लिया जाता दान
श्री बाबाधाम की विशेषता यह है कि यहां किसी भी प्रकार का दान या चढ़ावा नहीं लिया जाता। श्रद्धालु मनोकामना पूर्ण होने पर गौ सेवा, अन्नदान और जीव सेवा के माध्यम से अपनी आस्था व्यक्त करते हैं।
पूरे महोत्सव के दौरान धाम में भक्ति का माहौल रहेगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।