बिन्टू कुमार
नारायणपुर |स्मार्ट हलचल|कस्बे के राजपुरा मोहल्ले में स्थित माधवानंद सरस्वती परमहंस आश्रम में चल रहे नौ दिवसीय 21 कुण्डीय रूद्र महायज्ञ के तीसरे दिन सोमवार को यजमानों ने विधिपूर्वक आहुतियाँ अर्पित कीं। वैदिक मंत्रोच्चारण और आचार्यों के निर्देशन में संपन्न हो रहे इस महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही, जिसमें आसपास के ग्रामीणों ने यज्ञ स्थल की परिक्रमा कर धर्मलाभ प्राप्त किया। यज्ञाचार्य पं. वेदप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि यह रूद्र महायज्ञ विश्व शांति, पर्यावरण शुद्धि और जनकल्याण के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे यज्ञों से वातावरण की नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और सकारात्मकता का संचार होता है। सोमवार को महायज्ञ में वैदिक विधि-विधान के साथ करीब 70 हजार आहुतियाँ समर्पित की गई, जिससे यज्ञशाला का वातावरण मंत्रों की ध्वनि और अग्निकुंडों की ज्वालाओं से गूंज उठा। महायज्ञ समिति अध्यक्ष अर्जुन लाल यादव ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन आगामी 25 मई तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए यज्ञ स्थल पर प्रसाद वितरण एवं भंडारे की भी विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन में सेवा कार्यों के लिए स्थानीय युवाओं की टीम लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।