पुनित चपलोत
भीलवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाकर उन्हें राहत और खुशी दी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलेभर के 281 मोबाइल फोन उनके मूल मालिकों को सुपुर्द किए गए।
जिला पुलिस गुम और चोरी हुए मोबाइल की तलाश के लिए लगातार अभियान चला रही है। वहीं, मोबाइल चोरी के मामलों में विशेष टीम गठित कर आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने भीलवाड़ा पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक सागर राणा का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि यह पुलिस का एक महत्वपूर्ण जनसहायता अभियान है। इसके तहत गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में मोबाइल रिकवरी का प्रतिशत 70.8 फीसदी है। कई मामलों में मोबाइल गुम हो जाते हैं, जबकि कई मामलों में चोरी हो जाते हैं। चोरी के मामलों में गठित विशेष टीम आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी कर रही है।
कार्यक्रम में शामिल एक महिला ने बताया कि उनका मोबाइल नवंबर 2023 में गुम हो गया था। गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद हाल ही में पुलिस ने मोबाइल बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह लोगों के गुम हुए मोबाइल उन्हें वापस मिलते रहेंगे।
