29 मई तक गूंजेगा भक्ति का स्वर, प्रतिदिन होंगे नव कुंडीय महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा एवं भव्य रामलीला मंचन

भीलवाड़ा। शहर के गायत्री नगर स्थित पाण्डु का नाला रेलवे पुलिया के पास स्थित श्री सगस दरबार मंदिर परिसर में भोपाजी महाराज रामेश्वर जी गाडरी के पावन सानिध्य में आयोजित नव कुंडीय श्री सगस हरि हर महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा एवं रामलीला महोत्सव को लेकर शुक्रवार को आयोजन स्थल पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता में आयोजन समिति अध्यक्ष लादूराम वैष्णव ने महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 21 मई से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक महोत्सव 29 मई तक श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ निरंतर आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नव कुंडीय श्री सगस हरि हर महायज्ञ, दोपहर में श्रीमद्भागवत कथा तथा रात्रि में भव्य रामलीला मंचन का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कथा वाचक पंडित सूर्य प्रकाश शास्त्री प्रतिदिन व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। वहीं नागौर से आए कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित रामलीला का जीवंत एवं आकर्षक मंचन प्रस्तुत कर रहे हैं, जिसे देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

आयोजन समिति के रोशन मेघवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा है। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पेयजल, प्रसादी, बैठने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

समिति पदाधिकारियों ने आमजन से अधिकाधिक संख्या में आयोजन में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की।

इस दौरान यज्ञ समिति से पार्षद प्रकाश भील, गजानंद कुमावत, गोविंद शर्मा, तेजेन्द्र सिंह शक्तावत, हिम्मत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, कुलदीप, अंगद मेघवंशी सहित समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।