मंगरोप@मुकेश खटीक।कस्बे के हमीरगढ़ रोड स्थित पुराने थाने के बाहर पिछले करीब 32 वर्षों से खड़ा एक जब्त मिनी ट्रक अब लोगों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बनता जा रहा है।हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय में पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों ने इसे हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।जानकारी के अनुसार करीब 32 साल पहले चौकी पुलिस ने कंक्रीट से भरा एक मिनी ट्रक जब्त किया था।उस समय से लेकर आज तक इस ट्रक का मामला चलता रहा।लेकिन इस दौरान ट्रक के मालिक का भी निधन हो गया।वर्षों में कई चौकी प्रभारी आए और चले गए, यहां तक कि चौकी का दर्जा बढ़कर थाना बन गया,लेकिन ट्रक वहीं का वहीं खड़ा रहा।समय के साथ ट्रक की हालत जर्जर होती चली गई।धीरे-धीरे उसके अधिकांश पार्ट्स असामाजिक तत्वों द्वारा निकाल लिए गए और अब वहां केवल ट्रक का चेचिस और जमीन में करीब दो फीट तक धंसे टायर ही शेष बचे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खंडहरनुमा ट्रक अब बच्चों के लिए खेल का स्थान बन गया है,जिससे कई बार बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।इसके अलावा यह आसपास के क्षेत्र की सुंदरता और सफाई व्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है।मोहल्लेवासियों ने कई बार प्रशासन से इस लावारिस ट्रक को हटाने की मांग की,लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
