स्मार्ट हलचल|राजेन्द्र प्रसाद गोयल, महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज कोटा द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (IPS) के नेतृत्व में पुलिस लाईन परेड ग्राउंड, बून्दी में दिनांक 29 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित 32वीं अंतर जिला रेंज स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का आज उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में भव्य समापन हुआ।समापन समारोह राजेन्द्र प्रसाद गोयल (IPS), महानिरीक्षक पुलिस, कोटा रेंज, कोटा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कोटा रेंज के सभी जिलों से आए पुलिस खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया एवं अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, तैराकी, शूटिंग, बैडमिंटन (एकल एवं युगल), फुटबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज द्वारा समापन समारोह के दोरान खेल ध्वज कोटा सिटी के पुलिस अधीक्षक को सोंपा गया ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक दक्षता को बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक सुदृढ़ता, अनुशासन एवं टीम वर्क की भावना को भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह एवं समर्पण के साथ खेलों में भाग लेने हेतु प्रेरित किया।
जिला पुलिस अधीक्षक बून्दी ओर अवनीश कुमार शर्मा (IPS) ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन पुलिस बल में फिटनेस, आपसी समन्वय एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान बून्दी टीम का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा, जिसमें खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए और जिले का नाम गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम में रेंज के सभी पुलिस अधीक्षक व जिला वन अधिकारी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण, गणमान्य अतिथि, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं पुलिस कार्मिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी कार्मिकों का आभार व्यक्त किया गया तथा प्रतियोगिता के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम के अन्त मे आतिशबाजी की गई जो विषेश रही।
