चित्तौड़गढ़, 15 जून 2026। स्मार्ट हलचल |वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष (सार्द्ध चतुःशती) पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आगामी 17 जून को उदयपुर में आयोजित होने वाले विशाल महाआयोजन की तैयारियां चित्तौड़गढ़ में पूरी हो चुकी हैं। इसी कड़ी में आज चामटी खेड़ा रोड स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय ‘वसुधा’ पर तैयारियों की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण अंतिम बैठक आयोजित की गई।
जिला सह संयोजक मनोज साहू ने बताया कि 17 जून को प्रातः 09:30 बजे उदयपुर के गांधी ग्राउंड (महाराणा भूपाल स्टेडियम) में आयोजित होने वाले इस मुख्य समारोह के मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परम पूजनीय सरसंघचालक माननीय श्री मोहनराव भागवत जी होंगे। उनका ओजस्वी उद्बोधन देश की युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की ऊर्जा का संचार करेगा।
बसों और निजी वाहनों का रवाना होगा बड़ा काफिला:
कार्यक्रम के विभाग संयोजक विश्वनाथ टांक ने बताया कि आज संघ कार्यालय पर आयोजित हुई इस अंतिम बैठक में चित्तौड़गढ़ से उदयपुर पहुंचने की संपूर्ण व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। आगामी 17 जून को प्रातः काल जिले भर से राष्ट्रभक्त नागरिकों, युवाओं और मातृशक्ति को लेकर बसों और विभिन्न निजी व सामूहिक वाहनों का एक विशाल काफिला उदयपुर के लिए प्रस्थान करेगा। बैठक में वाहनों की रवानगी, समय, रूट और सुरक्षा व्यवस्थाओं की टोलियों को अंतिम दिशा-निर्देश दिए गए।
सघन जनसंपर्क से दिया जा रहा है निमंत्रण:
नगर संयोजक रवि विराणी ने बताया कि इससे पूर्व चित्तौड़गढ़ नगर मंडल के विभिन्न खंडों और बस्तियों में लगातार बैठकों का दौर चला। कार्यकर्ताओं ने सघन संपर्क अभियान चलाकर समाज के हर आम और खास नागरिक, व्यापारिक व सामाजिक संगठनों को कार्यक्रम की जानकारी दी और निमंत्रण पत्र सौंपे। इसके साथ ही, चित्तौड़ दुर्ग और शहर के प्रमुख संतों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जा चुका है। आयोजन समिति ने प्रबुद्ध नागरिकों से सपरिवार उदयपुर पहुंचने की अपील की है।
