6 वर्ष के मोहम्मद फैज रंगरेज ने रखा पहला रोज़ा,परिवार में खुशी का माहौल

मुकेश खटीक
मंगरोप।रमज़ान की पाक घड़ियों में मंगरोप क्षेत्र से आस्था और संस्कारों से भरी एक प्रेरणादायी खबर सामने आई है।महज़ 6 वर्ष के मोहम्मद फैज रंगरेज ने अपना पहला रोज़ा पूरे उत्साह और इमानदारी के साथ मुकम्मल किया।फैज के पिता सैय्यद हुसैन रंगरेज ने बताया कि उनके बेटे ने यह पहला रोज़ा अपने दादा सलीम मोहम्मद रंगरेज और दादी रशीदा बानू की सदारत में पूरा किया।परिवार के बुज़ुर्गों ने बच्चे को दुआओं और प्यार के साथ रोज़ा पूरा करने की हौसला-अफज़ाई की।फैज की माता फिरोज़ा बानू ने कहा कि आमतौर पर इस उम्र के बच्चे खिलौनों और खेल-कूद में अधिक रुचि रखते हैं,लेकिन इतनी कम उम्र में रोज़ा रखकर खुदा की इबादत करना वाकई काबिले-तारीफ़ है।उन्होंने इसे खुदा की बख़्शी हुई नेमत बताते हुए कहा कि फैज के दिल में इबादत का जज़्बा खुदा ने पैदा किया है।परिवारजनों का मानना है कि बचपन से ही बच्चों को दीन और इबादत की तालीम देना आने वाली पीढ़ी को सही राह दिखाने का मजबूत आधार बनता है।मोहम्मद फैज का पहला रोज़ा न केवल उनके परिवार,बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बना हुआ है।