फुलिया कलां उपखंड में 7 सूत्रीय मांगों को लेकर तीन युवकों का आमरण अनशन

मनरेगा भुगतान, पेयजल, सड़क, चिकित्सा सहित किसानों के मुआवजे की मांग; प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग

सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फुलिया कलां क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर फुलिया कलां उपखंड क्षेत्र में तीन युवक आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। अनशनकारियों ने प्रशासन के समक्ष 7 सूत्रीय मांगें रखते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आमरण अनशन पर लाला राम रावण, शिवराज आचार्य और दिनेश कुमार माली बैठे हैं। अनशनकारियों ने मनरेगा श्रमिकों के लंबित भुगतान से लेकर पेयजल, सड़क, शिक्षा, पशु चिकित्सा, स्वास्थ्य सेवाओं और फसल खराबे के मुआवजे तक विभिन्न मुद्दों को उठाया है।
सात प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन
अनशनकारियों की प्रमुख मांगों में मनरेगा श्रमिकों का लंबित भुगतान करवाने के साथ विलंब मुआवजा दिलाना शामिल है। इसके अलावा चंबल परियोजना से क्षेत्र में पेयजल की नियमित एवं समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
वहीं रेगर बस स्टैंड के अधूरे सड़क निर्माण कार्य को पूरा करवाने, श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से जुड़े पुरानी बावड़ी मार्ग को तत्काल पुनः खुलवाने की मांग भी रखी गई है।
चिकित्सा व्यवस्था को लेकर अनशनकारियों ने प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में स्थायी रूप से चिकित्सक सहित स्टाफ की नियुक्ति तथा क्षेत्र के अस्पताल में स्थायी रूप से योग्य डॉक्टर की नियुक्ति करने की मांग की है।
इसके साथ ही क्षेत्र में फसल खराबे का उचित सर्वे करवाकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा है।
समाधान नहीं होने तक जारी रखने की बात
अनशनकारियों का कहना है कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष मांगें रखी जा चुकी हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसी के चलते उन्होंने आमरण अनशन का रास्ता अपनाया है। उन्होंने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध तरीके से समाधान करवाने की मांग की है।