90% से अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को मिलेगा विशेष सम्मान, तैयारियां अंतिम चरण में
मांडलगढ़|स्मार्ट हलचल।मांडलगढ़ विधायक गोपाललाल खंडेलवाल की अनूठी पहल के तहत कक्षा 12 में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाली 72 बालिकाओं को हवाई यात्रा से अयोध्या के रामलला दर्शन करवाए जाएंगे। इस योजना की तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं और छात्राओं में उत्साह का माहौल है।
विधायक खंडेलवाल ने बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2024–25 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को यह विशेष अवसर देकर उन्हें प्रेरित करने और सम्मानित करने का उद्देश्य है। उन्होंने कहा — “बालिकाओं के परिजनों से सहमति पत्र भरवाए जा रहे हैं, जिसके बाद यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।”
इस योजना के लिए ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया भी जारी है। सहमति पत्रों के संकलन में भाजपा पदाधिकारी भी सक्रिय हैं, जिनमें भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्यामलाल अहीर, नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, नंदराय मंडल अध्यक्ष प्रकाश सांगावत, बिजौलियां ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा और महुआ मंडल अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
विधायक की इस पहल से बालिकाओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। छात्राओं ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए जीवन का यादगार पल होगी।


