कोटा।स्मार्ट हलचल| श्री चौरसिया समाज द्वारा महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 15 एवं 16 फरवरी 2026 को दो दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री नंदीश्वर महादेव मंदिर, चौरसिया समाज परिसर, खेडली फाटक (नंदाजी की बाड़ी), कोटा में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न होगा।
श्री नंदीश्वर महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश चौरसिया ने बताया कि आशुतोष भगवान श्री नंदीश्वर महादेव की असीम कृपा से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व महोत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है।
15 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे कलश एवं विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसका शुभारंभ नंदीश्वर महादेव मंदिर परिसर से होगा। शोभायात्रा में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रहेगी। इसी दिन रात्रि 8 बजे शिवलिंग पर विशेष पूजा-अर्चना एवं शिव परिवार महा रुद्राभिषेक किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
चौरसिया पंचायत आर्थिक उत्थान समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र चौरसिया ने समाज के सभी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की है, ताकि आयोजन को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जा सके।
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री जितेंद्र चौरसिया (एडवोकेट) ने बताया कि 16 फरवरी 2026, सोमवार को हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात समाज के सभी सदस्यों के सहयोग से महाप्रसादी का आयोजन होगा।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर समाज में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
