प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर अस्पतालों में हुए विशेष एएनसी जांच शिविर आयोजित

पंकज पोरवाल

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|उच्च जोखिम गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान करने तथा गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिले के समस्त राजकीय चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष एएनसी (प्रसव पूर्व) जांच शिविर आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9, 18 एवं 27 तारीख को आयोजित होने वाले इस विशेष दिवस पर चिकित्सकों द्वारा गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच, परामर्श एवं आवश्यक उपचार प्रदान किए गए। जांच के दौरान महिलाओं का वजन, ऊंचाई, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन स्तर, एचआईवी एवं सिफलिस जांच के साथ-साथ पेट की संपूर्ण चिकित्सकीय जांच की गई, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान की जा सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिन गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन का स्तर कम पाया गया, उन्हें फेरिक कार्बाेक्सीमाल्टोज (एफसीएम) इंजेक्शन लगाए गए, जिससे एनीमिया की स्थिति में शीघ्र सुधार हो सके और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त गर्भावस्था स्वस्थ मां और शिशु के लिए अत्यंत आवश्यक है। अभियान के दौरान ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों द्वारा विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मां वाउचर योजना के अंतर्गत गर्भकाल की दूसरी एवं तीसरी तिमाही की पात्र महिलाओं को निजी सोनोग्राफी केंद्रों पर निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध करवाने हेतु कूपन जारी किए गए। महिलाओं ने इन वाउचरों का उपयोग कर निजी सोनोग्राफी केंद्रों पर निःशुल्क सोनोग्राफी जांच का लाभ प्राप्त किया।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles