आमेटा ब्राह्मण समाज का तृतीय सामूहिक विवाह 20 अप्रैल को, 6 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में

मंडफिया, स्मार्ट हलचल (श्री सांवलिया जी)। आमेटा ब्राह्मण समाज सामूहिक विवाह आयोजन समिति (राजस्थान) के तत्वावधान में अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को ‘तृतीय सामूहिक विवाह समारोह’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री सांवलिया जी (मंडफिया) स्थित सुख सागर पैलेस रिसोर्ट (कबूतर चौक के पास) में संपन्न होगा।

6 जोड़ों का विवाह और 101 बटुकों का यज्ञोपवीत

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश आमेटा (भींडर) और महामंत्री मुकेश आमेटा (बम्बोरी) ने बताया कि इस भव्य समारोह में समाज के 6 जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसके साथ ही, समाज के 101 बटुकों का यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार भी विधि-विधान पूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

दो दिवसीय मांगलिक कार्यक्रमों की रूपरेखा:

  • 19 अप्रैल (रविवार): सुबह 10 बजे से बटुक एवं वर-वधु (बारात) का आगमन व पंजीकरण होगा। दोपहर 1 बजे गणपति स्थापना, कलश पूजन, गृह शांति और यज्ञोपवीत संस्कार होंगे। शाम 7 बजे से महारात्रि, महिला संगीत और स्नेहभोज का आयोजन किया जाएगा।
  • 20 अप्रैल (सोमवार): सुबह 11 बजे तोरण स्वागत, 11:15 बजे हस्तमिलाप व पाणिग्रहण संस्कार होंगे। दोपहर 1 बजे आशीर्वाद समारोह व प्रीतिभोज तथा शाम 4 बजे पलंगचार व विदाई की रस्म अदा की जाएगी।

सादगी पर जोर, पहरावणी पर रोक

समाज में सादगी और समानता को बढ़ावा देने के लिए समिति ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। विवाह में किसी भी प्रकार की पहरावणी (कपड़ों के रूप में) नहीं की जाएगी। हथलेवा के लिए भी नकद राशि काउंटर पर जमा करानी होगी, ताकि सभी कन्याओं को वह राशि समान रूप से दी जा सके। इसके अलावा, आगामी परिचय सम्मेलन के लिए आयोजन स्थल पर अविवाहित युवक-युवतियों के बायोडाटा (मय गोत्र) भी एकत्रित किए जाएंगे।

समारोह में रोहित-रानू, संदीप-कुसुम, नरेन्द्र-आरती, अशोक-मोनिका, अभिषेक-पूनम और सुनील-वर्षा परिणय सूत्र में बंधकर नए जीवन की शुरुआत करेंगे। समारोह की सफलता के लिए डॉ. एल.एन. आमेटा (संयोजक), विष्णुशंकर आमेटा (कोषाध्यक्ष), देवेन्द्र दवे, शम्भू लाल आमेटा (उपाध्यक्ष) और भगवती प्रसाद आमेटा (संगठन मंत्री) सहित सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।