ऐतिहासिक रहा प्रथम सकल हिंदू समाज सामूहिक विवाह महोत्सव 31 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

भीलवाड़ा, 19 अप्रैल।स्मार्ट हलचल|अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर शहर में आयोजित प्रथम भव्य सकल हिंदू समाज सामूहिक विवाह महोत्सव अत्यंत गरिमामय एवं ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुआ। श्री निम्बार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट (रजि.) के तत्वावधान एवं महंत श्री मोहन शरण जी शास्त्री के सानिध्य में आयोजित इस विवाह समारोह में मेवाड़ क्षेत्र के संत-महंत विशेष रूप से उपस्थित होकर नवदम्पतियों को आशीर्वाद देने पहुंचे।
इस भव्य आयोजन में 31 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधे। संतों के सानिध्य, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधियों के बीच संपन्न हुए इस सामूहिक विवाह ने सामाजिक समरसता, सादगी और भारतीय संस्कारों का प्रेरणादायक संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः गणपति पूजन एवं कलश स्थापना से हुई, जिसके पश्चात चित्रकूट धाम, नगर निगम से महंत श्री मोहन शरण जी के सानिध्य में भव्य शोभायात्रा एवं बारात निकाली गई। शोभायात्रा में रथ पर वर वधु सवार थे , घोड़े-बग्गियां और भजन-कीर्तन मंडलियों ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। शोभायात्रा के दौरान जगह जगह स्वागत किया गया। बाद में शोभा यात्रा
ऋष्य श्रृंग संस्थान पहुंची जहां तोरण, वरमाला के साथ ही मेवाड़ क्षेत्र के संतो का सम्मान करने के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार से पाणिग्रहण संस्कार सम्पन्न हुए। अंत में भावुक विदाई के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मीडिया प्रभारी दिलीप सोनी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करते हुए समाज में एकता, सादगी और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि आयोजन की सफलता में संत समाज, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों एवं शहरवासियों का विशेष सहयोग रहा।
आयोजन की विशेष बात यह रही कि प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को गृहस्थ जीवन की शुरुआत हेतु आवश्यक सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ा संबल मिला।भीलवाड़ा शहर का यह प्रथम आयोजन समाज में एकता, सहयोग और परोपकार का सशक्त संदेश देने वाला ऐतिहासिक महोत्सव साबित हुआ है, जिसने भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए नई दिशा प्रदान की है।