पावटा में लापता बुजुर्ग का शव डंपिंग यार्ड में मिला, 4 दिन बाद हड्डियों के ढांचे में मिला शव

पावटा,स्मार्ट हलचल|स्थानीय कस्बे में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव क्षत-विक्षत अवस्था में डंपिंग यार्ड में मिला। मृतक की पहचान ओमप्रकाश गोयल के रूप में हुई है, जो 16 अप्रैल से लापता थे। जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश गोयल अम्बेडकर पार्क स्थित सब्जी मंडी कॉलोनी में अपने घर से अचानक लापता हो गए थे। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद उनके भतीजे यति गोयल ने उसी दिन प्रागपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार 20 अप्रैल को करीब 11 बजे उनका शव घर से करीब 500 मीटर दूर पावटा के गोपाल भैया मंदिर के पास नदी किनारे स्थित डंपिंग यार्ड में हड्डियों के ढांचे के रूप में मिला। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि शव को जानवरों ने नोंचकर क्षत-विक्षत कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रागपुरा थाने के एसआई रामजस मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की तथा शव को कब्जे में लेकर पावटा उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश गोयल अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी तीनों बेटियों का विवाह हो चुका है और परिवार में पत्नी व एक दोहिता है। इस घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्र में भी जाँच पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।