भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत: सिखवाल युवा प्रकोष्ठ ने भीलवाड़ा में शुरू की शीतल जल की प्याऊ

भीलवाड़ा। भीषण गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए आमजन एवं राहगीरों को राहत प्रदान करने के लिए सिखवाल युवा प्रकोष्ठ, भीलवाड़ा ने एक सराहनीय पहल की है। प्रकोष्ठ द्वारा भामाशाहों के सहयोग से शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर शीतल जल की प्याऊ प्रारंभ की गई है। इस जनसेवा कार्य के तहत वर्तमान में कलेक्ट्री चौराहा, परशुराम सर्किल एवं अजमेर रोड पर प्याऊ लगाकर लोगों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

मीडिया प्रभारी विनोद सुखवाल ने बताया कि भीलवाड़ा में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्यासे राहगीरों को पानी पिलाना एक अत्यंत पुण्य एवं मानवीय सेवा है। प्रकोष्ठ की इस पहल को आमजन का भी भरपूर सहयोग और सराहना मिल रही है।

मूक प्राणियों के लिए भी चलाएंगे निशुल्क अभियान

युवा प्रकोष्ठ ने इंसानों के साथ-साथ मूक प्राणियों की प्यास बुझाने का भी संकल्प लिया है। गर्मी में पक्षियों को होने वाली परेशानी के समाधान के लिए प्रकोष्ठ द्वारा जल्द ही शहर भर में निशुल्क परिंडे वितरित कर विभिन्न स्थानों पर लगाए जाएंगे। इसके अलावा, गौ सेवा के लिए भी एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत शहर में जगह-जगह निशुल्क पानी की टंकियां रखी जाएंगी, ताकि गौवंश को भी भीषण गर्मी में पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।

प्रकोष्ठ ने बताया कि यह सेवा कार्य पूरे गर्मी के मौसम में निरंतर जारी रहेगा और सहयोगियों की मदद से अधिक स्थानों पर प्याऊ लगाने का प्रयास भी किया जाएगा।

इनके नेतृत्व में संचालित हो रहा सेवा कार्य

यह पुनीत कार्य युवा प्रकोष्ठ के संस्थापक सदस्य सागर पांडे, राजेन्द्र ओझा, पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र ओझा, जिला प्रभारी रामदयाल पुरोहित, जिलाध्यक्ष देवकीशन जोशी, कार्यकारी अध्यक्ष किशन व्यास, शहर प्रभारी विनोद अज्ञाल, शहर अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा एवं अविनाश पांडिया के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।

सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने सभी भामाशाहों व सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए आमजन से भी इस जनसेवा कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है।