केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने किया पंचायतों से संवाद, मांडलगढ़ की पेयजल व्यवस्था की हुई सराहना

मांडलगढ़, स्मार्ट हलचल (महावीर सेन)। जल जीवन मिशन (JJM) की प्रगति रिपोर्ट और पंचायत स्तर पर पेयजल व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से देशभर की चुनिंदा पंचायतों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस महत्वपूर्ण संवाद में मांडलगढ़ क्षेत्र की पंचायत की पेयजल व्यवस्था भी चर्चा का प्रमुख केंद्र रही, जहां घर-घर पानी पहुंचाने की उत्कृष्ट व्यवस्था की विस्तृत जानकारी मंत्री और केंद्रीय अधिकारियों को दी गई।

घर-घर और पशुआलयों तक पहुंचा पानी

वीसी के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से वर्तमान पेयजल स्थिति, जलापूर्ति की नियमितता, पाइपलाइन नेटवर्क और आमजन को मिल रही सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि जल जीवन मिशन के तहत ऑफशोर कंपनी द्वारा गांव की हर गली में पाइपलाइन बिछाकर प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं। इसके अलावा, पशुआलयों तक भी पानी की सुविधा उपलब्ध कराने के विशेष प्रयास किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी राहत मिली है।

प्राथमिकता के आधार पर होंगे शेष कार्य

संवाद के दौरान केंद्रीय अधिकारियों ने योजना को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर अपने सुझाव भी दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन क्षेत्रों में अब भी आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार ग्रामीण भारत में स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है।

ये रहे मौजूद, जताया आभार

पंचायत प्रतिनिधियों ने इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल, क्षेत्रीय विधायक तथा चंबल योजना से जुड़े अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

इस वीसी कार्यक्रम के दौरान अधीक्षण अभियंता रामप्रसाद जाट, सहायक अभियंता प्रकाश शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी भारत सिंह देवड़ा, अध्यापिका आरती जीनगर, पूर्व उपसरपंच हेमंत जोशी, आशीष कुमार जोशी और महेंद्र सिंह भाटी सहित अन्य ग्रामीणजन मुख्य रूप से मौजूद रहे।