(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
वाराणसी। स्मार्ट हलचल|बिना टिकट यात्रा करने वालों पर रेलवे ने सख्ती का डंडा चलाते हुए बुधवार को बनारस-हरदत्तपुर रेल खंड पर बड़ा ‘बस रेड’ टिकट चेकिंग अभियान चलाया, जिससे पूरे रूट पर हड़कंप मच गया और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा के नेतृत्व में हरदत्तपुर स्टेशन को आधार बनाकर यह सघन जांच की गई, जिसमें बनारस–प्रयागराज रामबाग रेल खंड पर चलने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस, ज्ञानगंगा एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस और प्रयागराज रामबाग-मऊ मेमू सहित कई ट्रेनों में किलाबंदी कर टिकट जांच की गई। इस अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक पी.एन. मिश्रा के साथ मुख्य टिकट निरीक्षक विवेक बाजपेयी, मारूफ खान, उमेश यादव, नरेंद्र पाठक और अमित समेत कुल 17 टिकट जांच कर्मियों तथा 7 रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के दौरान बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 170 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे 58,540 रुपये का जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया गया, जबकि 15 यात्रियों को जुर्माना न देने पर रेलवे मजिस्ट्रेट प्रशांत मिश्रा के समक्ष पेश किया गया, जहां 11 ने जुर्माना अदा कर राहत पाई और 4 यात्रियों को ट्रायल के लिए भेजा गया। इस सख्त कार्रवाई का असर तुरंत देखने को मिला और स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे स्पष्ट हो गया कि अभियान ने यात्रियों को नियमों के पालन के लिए मजबूर कर दिया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने आम यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें, अन्यथा कार्रवाई से बच पाना मुश्किल होगा। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाता रहेगा, ताकि राजस्व की हानि रोकी जा सके और यात्रा व्यवस्था को अनुशासित बनाया जा सके।
