लावारिस हालत में खड़ी एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 40 किलो 950 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद

बिगोद (भीलवाड़ा)स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला विशेष टीम (DST) और बिगोद थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सराणा सरहद के खेतों में लावारिस हालत में खड़ी एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 40 किलो 950 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही तस्कर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

खेतों के कच्चे रास्ते पर मिली संदिग्ध कार

शुक्रवार (24 अप्रैल) को DST के एएसआई अशोक कुमार कडवा को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि सरहद सराणा में खेतों के कच्चे रास्ते पर एक बिना नंबर की मारुति स्विफ्ट कार संदिग्ध हालत में खड़ी है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन व माण्डलगढ़ सीओ बाबुलाल विश्नोई के सुपरविजन में DST और बिगोद पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया।

तलाशी में मिले 2 कट्टे डोडा चूरा

टीम ने मौके पर पहुंचकर जब बिना नंबर की उक्त कार की तलाशी ली, तो उसमें 2 प्लास्टिक के कट्टे मिले। कट्टों को खोलने पर उनमें कुल 40.950 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और कार को जब्त कर लिया है।

NDPS एक्ट में मामला दर्ज, तलाश तेज

मौके से फरार हुए अज्ञात तस्कर के खिलाफ बिगोद थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कार के चेचिस नंबर के आधार पर फरार तस्कर की तलाश कर रही है।

इस कार्रवाई में DST के एएसआई अशोक कुमार का विशेष योगदान रहा। टीम में DST से कांस्टेबल गोपाल राम, शंकर लाल, कन्हैया लाल मीणा, कमल कुमार और बिगोद थाने से कांस्टेबल सचिन कुमार, भुपेन्द्र सिंह व दिनेश शामिल रहे।