खखरेरू|फतेहपुर|स्मार्ट हलचल| धाता विकासखंड के मुबारकपुर गेरिया स्थित एक निजी विद्यालय की कथित लापरवाही के चलते हाईस्कूल की एक छात्रा की बोर्ड परीक्षा छूट जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है और अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।पीड़िता नेहा देवी पुत्री यशवंत ने बताया कि वह मुबारकपुर गेरिया स्थित अग्रहरि इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा है। उसकी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से प्रारंभ होनी थी। छात्रा का आरोप है कि विद्यालय प्रशासन ने फीस समय पर जमा न होने का हवाला देकर उसे समय से प्रवेश पत्र नहीं दिया।
नेहा के अनुसार, वह सुबह से विद्यालय पहुंचकर प्रवेश पत्र देने की गुहार लगाती रही, लेकिन काफी अनुरोध के बाद उसे लगभग 10:30 बजे प्रवेश पत्र सौंपा गया। जबकि प्रथम पाली की परीक्षा 11:00 बजे समाप्त हो जाती है। छात्रा किसी तरह अपने परीक्षा केंद्र साधु शरण सिंह इंटर कॉलेज पहुंची, परंतु देरी के कारण उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिली।
छात्रा का कहना है कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, जिसके चलते फीस समय पर जमा नहीं हो सकी। उसने आरोप लगाया कि इसी कारण विद्यालय प्रबंधन ने प्रवेश पत्र देने में देरी की, जिससे उसकी महत्वपूर्ण परीक्षा छूट गई और उसका पूरा शैक्षणिक वर्ष दांव पर लग गया।
दूसरी ओर, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार गुप्ता ने छात्रा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नेहा प्रवेश पत्र लेने विद्यालय देर से पहुंची थी। उनके अनुसार फीस के कारण प्रवेश पत्र रोके जाने का आरोप निराधार है।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अभिभावकों ने संबंधित शिक्षा अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र के साथ ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।

