(शिव लाल जांगिड़)
लाडपुरा ।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई और लकड़ियों की अवैध तस्करी का काला कारोबार रात के अंधेरे में धड़ल्ले से चल रहा है। वन विभाग और पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगाते हुए, भीलवाड़ा-लाडपुरा नेशनल हाईवे-758 पर बेखौफ होकर गीली लकड़ियों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजर रहे हैं।
रात 9:50 बजे बेखौफ गुजरे तस्कर
जानकारी के अनुसार, मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के लाडपुरा से होकर गुरुवार रात करीब 9:50 बजे गीली लकड़ियों से ठसाठस भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजरते देखे गए। ग्रामीणों के अनुसार, लकड़ी माफिया पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए रात के समय का फायदा उठा रहे हैं। हाईवे पर इस तरह अवैध लकड़ियों का परिवहन होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
कोटा-चित्तौड़ हाईवे से मांडलगढ़ की ओर जा रही लकड़ियां
सूत्रों के मुताबिक, लकड़ी से भरे ये ट्रैक्टर कोटा-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) की तरफ से आ रहे थे और हाईवे से होते हुए मांडलगढ़ की ओर जा रहे थे। क्षेत्र में लगातार हरे पेड़ों की कटाई कर उन्हें इस तरह रात के समय ट्रैक्टरों में भरकर ठिकाने लगाया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने वन विभाग और स्थानीय पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाकर वन संपदा को नष्ट करने वाले इन तस्करों पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
