शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
राजस्थान पुलिस जयपुर के तत्वावधान में नवीन आपराधिक कानून के संबंध में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन सोमवार, 13 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा वीसी के जरिये किया जाएगा।
शाहपुरा क्षेत्र के लोगों के लिए इस आयोजन को देखने हेतु पंचायत समिति स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में विशेष व्यवस्था की गई है। शाहपुरा थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वीसी का आयोजन रविवार सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सभी सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र, ग्राम रक्षक, सुरक्षा सखी, सहित शाहपुरा थाना क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन न केवल कानून से जुड़ी नई जानकारी उपलब्ध कराएगा, बल्कि आमजन को नवीन आपराधिक कानूनों की समझ विकसित करने का भी अवसर देगा।
थाना प्रभारी शर्मा ने बताया कि राजस्थान पुलिस द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी नवीन आपराधिक कानूनों से जुड़ी जागरूकता फैलाने और पुलिस व नागरिकों के बीच समन्वय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी आमंत्रितों से अपील की है कि वे समय पर पंचायत समिति पहुंचकर इस कार्यक्रम में भाग लें और कानून संबंधी इस उपयोगी पहल का हिस्सा बनें।
यह आयोजन देशभर में लागू हो रहे नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की जानकारी जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इन नए कानूनों के लागू होने से न्याय प्रणाली अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनेगी। इसलिए नागरिकों को इनके प्रावधानों की जानकारी होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के माध्यम से वीडियो प्रस्तुति, प्रदर्शनी सामग्री और अधिकारियों के संबोधन के जरिए इन कानूनों की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डाला जाएगा। शाहपुरा पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस महत्वपूर्ण पहल को सफल बनाएं।


