मंडावर पुलिस की बड़ी कामयाबी: टहलडी के बहुचर्चित महेन्द्र योगी हत्याकांड के वांछित आरोपी कमल जोगी को सलेमपुर से दबोचा

20 माह से ‘खाकी’ को चकमा दे रहा आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, गुजरात में भेष बदलकर काट रहा था फरारी

नीरज मीणा

​मंडावर।स्मार्ट हलचल/ न्याय के पहिये भले ही धीरे चलते हों, लेकिन अपराधी कानून के शिकंजे से ज्यादा दूर नहीं रह सकता। टहलडी गांव के बहुचर्चित महेन्द्र योगी हत्याकांड में पिछले 20 महीनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे वांछित बदमाश को मंडावर थाना पुलिस ने धर दबोचा है। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में चलाए जा रहे रेंज स्तरीय धरपकड़ अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल टीम ने जाल बिछाकर आरोपी कमल जोगी को सलेमपुर क्षेत्र से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर गुजरात के विभिन्न इलाकों में छिपता फिर रहा था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की ‘गोपनीय घेराबंदी’ के आगे उसकी चालाकी धरी रह गई।
​महवा सीओ मनोहरलाल के सुपरविजन में मंडावर थानाधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। टीम में कांस्टेबल मनोज कुमार, पंकज सिंह, गजेंद्र सिंह और प्रतापसिंह की मुस्तैदी ने आरोपी के भागने के सभी रास्ते बंद कर दिए। गौरतलब है कि सितंबर 2024 में मृतक के भाई राधेश्याम योगी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई महेन्द्र जब मकान निर्माण का सामान लेकर घर लौट रहा था, तब सहज्या घाटा के समीप घात लगाए बैठे करीब 20 हमलावरों ने उसे घेर लिया था। सरिया, कुल्हाड़ी और लाठियों से लैस हमलावरों ने बेरहमी से महेन्द्र की हत्या कर दी थी। पुलिस पूर्व में ही इस मामले के करीबन आठ आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेज चुकी है, जबकि फरार चल रहे अन्य आरोपियो की तलाश अब और तेज कर दी गई है। थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपी कमल जोगी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य राज और बाकी फरार आरोपियो का पता लगाया जा सके। पुलिस का स्पष्ट दावा है कि पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय दिलाया जाएगा और किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा।