भीषण गर्मी से श्रदालुओं को राहत देने के लिये लगेंगे टेंट और कूलर

(हरिप्रसाद शर्मा)

पुष्कर/ अजमेर/स्मार्ट हलचल|गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विश्व प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर में दर्शनार्थियों को राहत देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं शुरू कर दी गई हैं। अस्थाई मंदिर प्रबंध कमेटी ने मंदिर परिसर में 8 कूलर लगवाए हैं, जिससे दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी से काफी राहत मिल रही है। कमेटी द्वारा लगाए गए कूलरों में 6 बड़े कूलर और 2 ब्लोअर शामिल हैं, जिन्हें मंदिर परिसर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित किया गया है। इसके अलावा धूप से बचाव के लिए मंदिर परिसर में टेंट लगाने और फर्श पर मैटिंग बिछाने की भी तैयारी की जा रही है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंदिर पुजारी कृष्ण गोपाल वशिष्ठ ने कूलर लगाने की मांग को लेकर अस्थाई मंदिर प्रबंध कमेटी के सचिव एवं एसडीओ गुरुप्रसाद तंवर को पत्र सौंपा था। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीओ तंवर और उपकोषाधिकारी लखन भाटी ने प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। व्यवस्थापक सुनील शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए मंदिर परिसर में कूलर लगवाने का कार्य पूरा कराया। पुजारी वशिष्ठ ने बताया कि जल्द ही टेंट और मैटिंग की व्यवस्था भी कर दी जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को धूप और गर्मी से पूर्ण राहत मिल सके ।