संतों महंतों के सानिध्य में ज्ञापन सौंपा, गौ माता की दुर्दशा पर जताई चिंता

लाखेरी -स्मार्ट हलचल|कस्बे में सोमवार को गौ संरक्षण, संवर्धन और सम्मान की मांग को लेकर गौ भक्तो ने गौ सम्मान आव्हान अभियान के तहत रैली निकालकर उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र चौधरी को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान गौ सेवा समिति सदस्य एवं गौ भक्त तथा आमजन तोरण की बावड़ी पर एकत्रित होकर मुख्य मार्ग से होते हुए रैली के माध्यम से उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में गौ भक्तो ने गौवंश की सुरक्षा के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने, स्वतंत्र गौ सेवा मंत्रालय की स्थापना,गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, और अवैध वध पर कठोर कार्रवाई की मांग सरकार से की। तहसील कार्यालय इंद्रगढ़ में गौ भक्तो ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया।
गौ भक्तो ने वर्तमान में गौवंश की स्थिति को चिंताजनक बताया, और इसके सरंक्षण के लिए ठोस नीति की आवश्यकता बताई।
प्रतिनिधियों ने गोवंश को राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा देने, गौशालाओं के विकास के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने सहित अनेक मांग सरकार के सामने रखी। आज प्रदेश भर में गौ सम्मान आव्हान अभियान के तहत सभी उपखंड मुख्यालय, तहसील मुख्यालय पर ज्ञापन दिया। इस दौरान संत महंतों ने गौ माता की दुर्दशा पर चिंता जाहिर की, बताया कि गौ माता में 36 करोड़ देवी देवता निवास करते हैं, गौ माता की वर्तमान में हो रही दुर्दशा को लेकर रोष प्रकट किया। जबकि गौ माता कि दूध, दही, घी, मक्खन, गोबर आदि का बहुत उपयोग होता है,
फिर भी सरकार द्वारा इनके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाने से गौ भक्तो में रोष व्याप्त है। संत महंतों एवं गौ भक्तो ने सरकार को चेताया कि समय रहते गौ माता के संरक्षण के लिए कानून एवं जरूरी उपाय नहीं किए गए तो प्रदेश भर के साथ साथ देशभर में उग्र प्रदर्शन होगा।