विकास के लिए हमेशा तत्पर, निरंतर प्रयासरत: रावत ने पुष्कर को दी बड़ी सौगात

(हरिप्रसाद शर्मा)

पुष्कर/ अजमेर/स्मार्ट हलचल|पुष्कर क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए सुरेश सिंह रावत ने एक और महत्वपूर्ण पहल कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि “पुष्कर में विकास की कमी नहीं आने दी जाएगी” और इसी संकल्प के साथ डीएमएफटी (District Mineral Foundation Trust) फंड से महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृति जारी कराई है।
राज्य सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के बिंदु संख्या 58 के तहत पुष्कर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को क्रमोन्नत कर उपजिला चिकित्सालय में परिवर्तित किया जाएगा। यह निर्णय क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी।
इस परियोजना अन्तर्गत स्वीकृत राशि लगभग 4338 लाख रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है जिसकी प्रथम किस्त के रूप मे 1735 लाख रूपए की वित्तिय स्वीकृत आज जारी की गई है, यह कार्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, अजमेर के माध्यम से निष्पादित किया जाएगा। परियोजना के पूर्ण होने पर अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार होगा, आधुनिक उपकरण उपलब्ध होंगे और मरीजों को उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
श्री रावत ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग हो, ताकि दीर्घकालीन लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि यह कदम न केवल पुष्कर, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। अब गंभीर मरीजों को अजमेर या अन्य बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे समय और आर्थिक दोनों की बचत होगी।
स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक सकारात्मक और दूरदर्शी पहल बताया है। आमजन का मानना है कि इस प्रकार की योजनाएं क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेंगी और लोगों को बेहतर जीवन जीने में सहायता प्रदान करेंगी।
श्री रावत का यह कदम पुष्कर को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला साबित होगा और उनके “विकास के लिए निरंतर प्रयास” के संकल्प को साकार करता नजर आ रहा है।