Homeभीलवाड़ाभाणा गणेश अन्नकूट महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, आकर्षक झांकियां बनी...

भाणा गणेश अन्नकूट महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, आकर्षक झांकियां बनी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा में बड़े गणपति (भाणा गणेश) मंदिर में अन्नकूट महोत्सव धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। शाहपुरा श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में हुए इस महोत्सव में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, मंदिर के बाहर और हर्ष विहार कॉलोनी की गलियों में आस्था का सैलाब देखने को मिला। छोटे-बड़े, महिला-पुरुष सभी श्रद्धालु अपने परिवार के साथ गणेशजी के नयनाभिराम दर्शन करने पहुंचे।
महोत्सव का शुभारंभ पुजारी जितेन्द्र शर्मा के सान्निध्य में विधि-विधान से अभिषेक के साथ हुआ। गणेशजी की भव्य प्रतिमा को आकर्षक व भव्य चोला अर्पित किया गया। मांगलिक लापसी सहित विविध व्यंजनों का भोग लगाया गया। श्रीगणेश के प्रिय मोदक सहित अन्य व्यंजन जगदीश पोरवाल, सोनू पोरवाल व अन्य मिष्ठानकारों द्वारा बड़े प्रेम से तैयार किए गए।
यह पूरा कार्यक्रम गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजता रहा। सभी भक्तगण ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के साथ महाआरती में शामिल हुए। जैसे ही आरती की थालियां उठीं, पूरा परिसर श्रद्धा और उल्लास के रंगों में डूब गया। आरती के बाद सैकड़ों भक्तों ने परिसर में बैठकर पंगत में प्रसादी ग्रहण की।
श्याम सेवा समिति द्वारा तैयार की गई झांकियां इस बार के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। गणपति की भव्य झांकी के साथ गिरिराजधरण श्रीनाथजी की विराट झांकी सजाई गई, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर मेले की भांति सजा नजर आया। बच्चों और महिलाओं में सेल्फी लेने की उत्सुकता इस पूरे आयोजन में अलग ही रंग घोल रही थी। समिति की ओर से दो विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए, जहां फोटो खिंचवाने की होड़ सी लगी रही।
गणेश मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में की गई विद्युत सजावट देखते ही बनती थी। हर्ष विहार कॉलोनी, कोठी फील्ड रोड सहित पूरे मार्ग को रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया। रास्तों को विद्युत फर्रियों से इस तरह जगमगाया गया कि पूरा क्षेत्र दीपावली सा माहौल समेटे हुए था। प्रवेश द्वारों को तोरण, पताकाओं, गुब्बारों और सुगंधित फूलों से सजाया गया था। मंदिर के ऊपर रखे गए प्रकाश स्तंभ और झिलमिल करती लाइटें दूर से ही श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती रहीं।
रात को महोत्सव चरम पर पहुंचा, जब गगनभेदी आतिशबाजी ने पूरे परिसर को उत्सव की ध्वनि से भर दिया। लगभग पौन घंटे तक हुई निरंतर आतिशबाजी ने हर किसी का मन मोह लिया। रंग-बिरंगी चिंगारियों ने आसमान को ऐसा चमकाया मानो गणेशजी के आशीर्वाद की ज्योति नगर पर बरस पड़ी हो। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी आनंदित होकर इस नजारे को निहारते रहे।

हॉल की मिली सौगात, पालिकाध्यक्ष सोनी का सम्मान-
मंदिर परिसर में एक और खुशखबरी भी श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी रही। नगरपालिका की ओर से लगभग 39 लाख की लागत से नवनिर्मित बड़े हॉल को अब ऐतिहासिक धरोहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम पूरा हो चुका है। इसी को लेकर समिति के पदाधिकारियों एवं उपस्थित भक्तों द्वारा पालिकाध्यक्ष रघुनंदन सोनी का सम्मान किया गया। उन्हें पुष्पहार पहनाकर, साफा बांधकर और शाल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। कुछ दिनों पूर्व ही शाहपुरा विधायक डा लालाराम बैरवा ने इसका लोकार्पण किया था। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह हॉल बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा और शहर की आस्था को नई पहचान देगा।

आयोजन में दिखा सामूहिक सहयोग-
महोत्सव की सफलता में नगर के अनेक युवाओं और श्रद्धालुओं का समर्पण झलक रहा था। श्याम समिति के पदाधिकारियों ने व्यवस्था, सुरक्षा, प्रसाद वितरण और पार्किंग प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिलाओं की सेवा भावना भी पूरे कार्यक्रम में उभरकर सामने आई। चिकित्सा सहायता के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई थी। पुलिस व प्रशासन ने भी यातायात व सुरक्षा को लेकर सतर्कता दिखाई।

भक्तिमय वातावरण में डूबा शाहपुरा-
पूरा दिन गणेश भक्ति की सुरभि में डूबा रहा। गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा। दूर-दूर के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन को पहुंचे। बच्चों में उत्साह देखते ही बनता था। अन्नकूट के दौरान रात तक भोजन शाला में किसी भी श्रद्धालु को बिना प्रसाद मिले वापस नहीं लौटाया गया। भक्ति, आध्यात्मिकता और सामाजिक सद्भाव के इस संगम ने शाहपुरा नगर में दिव्यता का यह पावन उत्सव यादगार बना दिया।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर  01 अगस्त  2024, Smart Halchal News Paper 01 August 
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर  01 अगस्त  2024, Smart Halchal News Paper 01 August 
news paper logo
logo
RELATED ARTICLES