सहायक आयुक्त रामचंद्र सैनी ने पंचायत बुटेरी का निरीक्षण किया

अव्यवस्थाएं को लेकर जताई नाराजगी

बानसूर।स्मार्ट हलचल|पंचायत राज विभाग के सहायक आयुक्त रामचंद्र सैनी ने क्षेत्र की ग्राम पंचायत बुटेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में विभिन्न वार्ड, सामुदायिक केंद्र और पिंक टॉयलेट सहित अन्य स्थानों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर सहायक आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। विशेष रूप से, पिंक टॉयलेट में पानी की टंकी नदारद मिली और उसके आसपास कचरे के ढेर लगे हुए थे। सहायक आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रशासन को तीन दिनों के भीतर पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और कचरे का उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय सीमा में सुधार न होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति के स्वच्छता प्रभारी ने बताया कि ग्राम पंचायत में सफाई कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। इस पर सहायक आयुक्त ने नाराजगी जताई और टेंडर प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि नियमित सफाई कार्य संचालित हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया। सहायक आयुक्त ने जोर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे आमजन को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।