सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए मेगा एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का हुआ आगाज़

मेगा एचपीवी अभियान में हजारों बालिकाओं को मिला कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच

एक दिन में 5076 बालिकाओं को टीकाकरण सत्रों पर लगाया निःशुल्क टीका,

14 से 15 वर्ष की किशोरियों को मिली सुरक्षित भविष्य की सौगात

भीलवाड़ा, 29 अप्रैल।स्मार्ट हलचल|जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मेगा एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का प्रभावशाली शुभारंभ किया गया। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में बुधवार को जिलेभर के चिकित्सा संस्थानों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 5076 बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका लगाकर सुरक्षित भविष्य की सौगात दी गई।

*“टीकाकरण ही सुरक्षा का सशक्त कवच” — सीएमएचओ*

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने अभियान को बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी एवं सुरक्षित उपाय है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रम या आशंका में आए बिना अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं।

*एक डोज से दीर्घकालीन सुरक्षा*

सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है, जो सर्वाइकल कैंसर से दीर्घकालीन सुरक्षा प्रदान करती है। विशेष रूप से 14 वर्ष की आयु में एक ही डोज पर्याप्त सुरक्षा देने में सक्षम है। उन्होंने आमजन से किसी भी प्रकार के भ्रम या भय से दूर रहने का आह्वान किया।
*सशक्त मॉनिटरिंग और ठोस रणनीति से सफल क्रियान्वयन*

अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग टीमें गठित की गई जिन्होंने ब्लॉक स्तर तक समन्वय स्थापित कर निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप टीकाकरण सत्रों का संचालन किया। अभियान से पूर्व विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य कार्मिकों द्वारा व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं, जिससे जनभागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण ने बताया कि अभियान की सतत निगरानी के लिए गूगल लिंक आधारित ऑनलाइन रिपोर्टिंग व्यवस्था लागू की गई है, जिससे रियल-टाइम डेटा अपडेट कर प्रगति पर प्रभावी नजर रखी गई।

*लक्ष्य की ओर मजबूत बढ़त, गुरुवार को उपलब्धि पोर्टल पर होगी अपलोड*

अभियान के दौरान जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 5076 बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया। अभियान के दौरान प्राप्त इस उपलब्धि को गुरुवार को पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।