बानसूर । स्मार्ट हलचल|कस्बे के निकटवर्ती ग्राम रामनगर स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल की चार छात्राओं ने 69 वीं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन छात्राओं का राज्य स्तर पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर शुक्रवार को स्कूल में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। चयनित छात्रा खुशी, आयुषी, नचिता और खुशी गुर्जर ने एथलेटिक्स, कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताओं में अपने कौशल का प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय टीम में स्थान सुनिश्चित किया। प्राचार्य अजय कुमार गोठवाल ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। गोठवाल ने सभी विद्यार्थियों को इन छात्राओं से प्रेरणा लेकर खेलों में आगे बढ़ने का संदेश दिया।


