सत्यनारायण सेन
गुरलां (स्मार्ट हलचल)राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गुरलां क्षेत्र में स्थित अरावली पर्वतमाला की कालिका माता पहाड़ी पर मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। तेज हवाओं और पहाड़ी पर मौजूद सूखी घास व झाड़ियों के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में लगभग 30 से 40 हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर राख हो गया है।
रास्ता न होने से बेबस दिखा प्रशासन, नहीं पहुंच सकी दमकल
आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम, पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, पहाड़ी इलाका होने और ऊपर तक जाने के लिए कोई सुगम मार्ग न होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग के मुख्य केंद्र तक नहीं पहुंच सकीं। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से रास्ता बनाने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक आग पहाड़ी के दुर्गम हिस्सों तक तेजी से फैल चुकी थी। वन विभाग और पुलिस अधिकारी मौके पर रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
अचानक बदले मौसम और बारिश ने दी बड़ी राहत
घंटों की मशक्कत के बाद भी जब मानवीय संसाधन और दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने में विफल साबित हो रही थीं, तभी मौसम ने अचानक करवट ली। रात के समय शुरू हुई तेज झमाझम बारिश ने धधकती पहाड़ी को शांत कर दिया और आग पूरी तरह से बुझ गई।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आग की चपेट में आने से वन संपदा के साथ-साथ पहाड़ी पर रहने वाले वन्यजीवों को भारी क्षति पहुंची है।
