बूंदी- स्मार्ट हलचल|जनगणना के तहत आगामी 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण का कार्य शुरू होने जा रहा है। इसके तहत प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से उनके मकान और सुविधाओं से जुड़ी जानकारियां जुटाएंगे। इस बार भारत सरकार ने एक नई पहल करते हुए आमजन को ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ यानी खुद ऑनलाइन जानकारी भरने की सुविधा भी प्रदान की है।
जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया भविष्य की नीतियों के निर्माण और उनके क्रियान्वयन में बहुत बड़ा योगदान देगी I उन्होंने बताया कि कई बार प्रगणक को तत्काल जवाब देने में लोगों को असहजता होती है या फिर जानकारी दर्ज करने में कोई त्रुटि होने की संभावना रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए भारत सरकार ने एक अच्छी पहल की है। अब नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने मकान की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए सरकार द्वारा एक विशेष पोर्टल se.census.gov.in जारी किया गया है।
पूछे जाएंगे 34 प्रकार के प्रश्न
मकान सूचीकरण प्रक्रिया के दौरान प्रगणक हर घर में जाकर कुल 34 प्रकार की सूचनाएं प्राप्त करेंगे। इनमें मुख्य रूप से आपका मकान कच्चा है या पक्का, मकान के निर्माण में किस प्रकार की सामग्री का उपयोग हुआ है, घर में पानी की निकासी की क्या व्यवस्था है, घर में टीवी, गाड़ी (वाहन) और अन्य बेसिक सुविधाएं क्या-क्या हैं जैसी सवाल शामिल होंगे। इन सभी 34 प्रश्नों के आधार पर प्रगणक मौके पर ही अपना प्रपत्र (फॉर्म) तैयार करेंगे।
ऐसे कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
जो भी नागरिक खुद जानकारी भरना चाहते हैं, वे se.census.gov.in पोर्टल पर जा सकते हैं। वेबसाइट पर क्लिक करते ही एक नया पेज खुलेगा। इस पेज पर सबसे पहले नागरिक को अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी और वे स्वयं अपना मूल्यांकन प्रपत्र (स्व-मूल्यांकन) भर सकेंगे।
