पोटलां: यातायात सुधार के लिए प्रशासन और ग्रामीणों की बैठक, जाम और अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई

पोटलां (स्मार्ट हलचल)। कस्बे में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार रात्रि बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक सराय पर पुलिस-पब्लिक संवाद का आयोजन किया गया। पोटलां पुलिस चौकी प्रभारी एसएचओ अर्जुन लाल गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में व्यापारी बंधुओं, सब्जी विक्रेताओं, रिक्शा चालकों, ठेला व्यवसायियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। वार्ता का मुख्य उद्देश्य कस्बे को जाम से मुक्ति दिलाना, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करना था।

सड़क पर सामान रखा और बेतरतीब पार्किंग की तो होगी कार्रवाई

बैठक के दौरान प्रशासन ने दुकानदारों और व्यापारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने व्यावसायिक सामान को सड़क पर न फैलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रमुख स्थानों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों (नो-पार्किंग) और अतिक्रमण के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऑटो और रिक्शा चालकों को निर्देशित किया गया कि वे बस स्टैंड के आसपास भीड़ न लगाकर एक निर्धारित स्टैंड से नंबर वाइज अपने वाहन संचालित करें। आमजन से भी अपील की गई कि किसी भी विवाद की स्थिति में उलझने के बजाय सीधे पुलिस से संपर्क करें।

ग्रामीणों ने उठाया मुख्य मार्गों पर जाम का मुद्दा

वार्ता के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन को अवगत कराया कि गायत्री माता मंदिर से लेकर मंशापूर्ण बालाजी मंदिर, राजस्थान ग्रामीण बैंक, बस स्टैंड ग्राम सहकारी समिति और आईसीआईसीआई बैंक तक भारी अतिक्रमण और गलत पार्किंग की समस्या है।

इस पर प्रशासन ने आश्वस्त किया कि आपसी सहयोग से इसका स्थायी समाधान निकाला जाएगा। इसके अलावा, बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे फोड़ने वाले युवकों को भी सख्त चेतावनी दी गई कि ऐसे कृत्य पर पुलिस कठोर कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी मौजूद रहे।