सरवाड़/अजमेर (स्मार्ट हलचल)। राज्य सरकार एक तरफ पूरे प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर अजमेर जिले के सरवाड़ क्षेत्र में खनन माफिया बेखौफ होकर सरकारी जमीन का सीना चीर रहे हैं। सरवाड़ क्षेत्र के थाना बड़ौदा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत क़ासिर के गांव बंथली में इन दिनों अवैध माइनिंग का खेल जोरों पर चल रहा है।
खसरा संख्या 635 पर क्रेन से हो रहा अवैध खनन
जानकारी के अनुसार, बंथली गांव की सरकारी भूमि के खसरा संख्या 635 पर खनन माफियाओं ने अपना डेरा डाल रखा है। यहां दिनदहाड़े क्रेन और भारी मशीनों का उपयोग करके बड़े पैमाने पर ‘क्वार्ट्ज’ और ‘फैल्डस्पार’ (Quartz Feldspar) खनिज का अवैध खनन किया जा रहा है। सरकार के सख्त निर्देशों के बावजूद यहां खुलेआम चल रहा यह कारोबार कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
प्रशासन की मिलीभगत के लग रहे गंभीर आरोप
खुलेआम चल रहे इस अवैध खनन को लेकर अब स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी उंगलियां उठ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफियाओं की स्थानीय प्रशासन के साथ गहरी मिलीभगत है, जिसके चलते कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
लगातार हो रहे इस अवैध खनन से राज्य सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। आमजन ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मामले की तुरंत जांच कर माफियाओं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
