हर महिला के लिए सुरक्षित नहीं होता आइस बाथ, इसे ट्रेंड मानकर फॉलो करने से पहले सेहत की जांच करें

स्मार्ट हलचल|आजकल आइस बाथ का चलन काफी बढ़ गया है, लेकिन क्या यह हर किसी के लिए सुरक्षित है? कई सारे सेलिब्रिटी अपने इंस्टाग्राम पर आइस बाथ लेते हुए अपनी वीडियो डालते हैं, और अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हैं। पर शायद ही कभी किसी के मन में यह सवाल आया होगा कि क्या ऐसा करना असल में सुरक्षित है या नहीं! खासकर महिलाओं के शरीर पर इसका क्या प्रभाव होता है।

 

इन स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित हैं तो सावधान रहें 

बर्फ स्नान करने से मांसपेशियों की सूजन कम हो सकती है और थकान से राहत मिलती है, लेकिन यह सभी के लिए फायदेमंद नहीं होता। महिलाओं के लिए खास ध्यान देने वाली बात यह है कि जिनकी इम्यून सिस्टम कमजोर है, जिन्हें हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर, थायरॉइड या हार्मोनल समस्याएं हैं, उन्हें यह प्रक्रिया नुकसान पहुंचा सकती है।

पीरियड फ्लो पर पड़ता है असर (Ice bath side effects on women)

बहुत ठंडे पानी में अचानक उतरने से शरीर पर शॉक लग सकता है, जिससे चक्कर आना, सांस लेने में तकलीफ या दिल की धड़कन अनियमित हो सकती है। यह केवल महिलाओं के लिए नहीं है, बल्कि पुरुषों पर भी लागू होता है। परंतु महिलाओं में यह अधिक फ्रिक्वेंटली देखने को मिल सकता है। वहीं कई महिलाएं पीरियड्स क्रैंप से राहत पाने के लिए आइस बाथ लेती हैं। परंतु डॉक्टर की माने तो पीरियड्स के दौरान अचानक से बर्फ के ठंडे पानी के संपर्क में समय बिताने से ब्लड फ्लो में रुकावट या क्रैम्प्स की समस्या भी बढ़ सकती है। इसलिए इन बातों को ध्यान में रखते हुए ही आइस बाथ लें।

वजन घटाने में प्रभावी नहीं होता आइस बाथ

कुछ महिलाएं वजन घटाने के लिए आइस बाथ लेती हैं, जबकि मेडिकल एक्सपर्ट्स कहते हैं कि यह स्थायी समाधान नहीं है, और इसके फायदे भी वैज्ञानिक रूप से साबित नहीं हुए हैं। यदि कोई महिला आइस बाथ लेना चाहती है, तो सबसे पहले डॉक्टर से सलाह लें। अपनी स्वास्थ्य स्थिति को डॉक्टर के साथ डिस्कस करें और उनके सुझाव अनुसार ही इस गतिविधि में भाग लें। अन्यथा समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। डॉक्टर आपकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए अपना सुझाव देंगे उनके अनुरूप आइस बाथ लें।

अगर आइस बाथ ले रही हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें

शुरुआत में 5 से 10 मिनट से अधिक न बैठें और शरीर को धीरे-धीरे ठंडे पानी का आदि बनाएं। कुल मिलाकर, बर्फ स्नान कुछ लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन यह हर महिला के लिए सुरक्षित नहीं है, इसलिए इसे ट्रेंड मानकर फॉलो करने से पहले अपनी सेहत की जरूरतों को समझना जरूरी है।