बारां । जिले की अंता विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने 15 हजार से ज्यादा मतों से जीत हासिल की है। यहां भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन को 53868 वोट मिले हैं। जानकारों का कहना है कि अंता चुनाव में भाजपा ने अपने प्रमुख नेताओें को प्रचार के लिए उतारा था। इसमें वसुंधरा राजे और सीएम भजनलाल दोनों के नाम शामिल थे। दोनों ने यहां प्रचार किया था। इसके बाद भी भाजपा को यहां जीत नहीं मिली है। अंता विधानसभा सीट झालावाड़ लोकसभा में आती है जहां से पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह सांसद हैं। इसके बाद भी भाजपा पीछे रही। ये माना जा रहा है कि नरेश मीणा के यहां से उतरने की वजह से चुनाव त्रिकोणीय हो गया। इसका सीधा नुकसान भाजपा को हुआ है। अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने जीत दर्ज कर ली। प्रमोद को 69462 वोट मिले। वहीं भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन को 53868 वोट मिले। इसके साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा को 53740 वोट मिले।
11 नवंबर को हुई थी वोटिंग
बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव 2025 के लिए मंगलवार 11 नवंबर की सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया था। कुल 268 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का उपयोग करने पहुंचे। शाम छह बजे तक 80.32% वोट पड़े। हालांकि शाम पांच बजे तक 77.17% मतदान दर्ज किया गया था, जबकि दोपहर 3 बजे तक 64.68 प्रतिशत मतदान हो गया था। माना गया कि पिछली बार की तरह इस बार भी रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज हुई। मतदान केंद्रों पर महिलाओं, बुजुर्गों और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। कुल 227264 में से 183171 वोट पड़े।
इस बार भी हुआ रिकॉर्ड मतदान
अंता विधानसभा क्षेत्र में 2023 में 80.3 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। 11 बजे तक 28.74 प्रतिशत मतदान हो चुका था, जबकि दोपहर तीन बजे तक यह आंकड़ा 64.68 प्रतिशत तक पहुंच गया। शाम पांच बजे तक 77.17% वोटिंग हुई और शाम छह बजे तक 80.32% मतदान हुआ। ऐसे में अंतिम आंकड़े आने के बाद अंता में इस बार भी मतदान का नया रिकॉर्ड बन गया।
अब तक इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही देखने को मिला है। परंपरागत रूप से ही 2008 के चुनाव को छोड़ दें तो यहां थर्ड फ्रंट के लिए ज्यादा जगह नहीं रही । 11 नवंबर को यहांं 80.32 फीसदी मतदान हुआ , कुल 227264 में से 183171 वोट पड़े थे।
2.28 लाख मतदाता हैं अंता सीट पर
अंता विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,28,264 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 1,16,783 पुरुष, 1,11,477 महिलाएं और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं।


