एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल| मेड़ता रोड कस्बे में महाशिवरात्रि का पावन पर्व हर्षोल्लास और गहरी श्रद्धा के साथ मनाया गया। अल सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा कस्बा भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
*शिव-पार्वती की आकर्षक झांकियां बनीं केंद्रबिंदु*
महाशिवरात्रि के अवसर पर कस्बे में शिव-पार्वती की भव्य और आकर्षक झांकियां निकाली गईं। झांकियों में भगवान शिव के विविध रूपों का सजीव चित्रण किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मुख्य बाजारों में शिव तांडव की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर शिव भक्त भक्ति में झूम उठे।
*जोधपुर से आई मंडली ने रचाया शिव परिवार का सजीव रूप*
जोधपुर से आई एक विशेष मंडली ने शिव परिवार का सजीव भेष धारण कर प्रस्तुति दी। भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीगणेश और कार्तिकेय के रूप में सजे कलाकारों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु झांकियों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए।
*मंदिरों में रातभर चला भजनों का दौर*
कस्बे के मुख्य सदर बाजार स्थित जबरेश्वर महादेव मंदिर तथा बृहृम्माणी माता तालाब स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर सहित सभी शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक का आयोजन किया गया। रातभर भजनों और कीर्तन का दौर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने दूध, बेलपत्र और जल से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
*अलसुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़*
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अल सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना करते नजर आए। कस्बे में जगह-जगह प्रसादी वितरण और भंडारों का भी आयोजन किया गया।
कुल मिलाकर मेड़ता रोड में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ, जिसने पूरे कस्बे को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
