मजदूर दिवस पर सेवा का जज्बा: 300 यूनिट रक्तदान, नेत्र जांच व ई-श्रमिक कार्ड बनाए

महेन्द्र नागौरी

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर रीको फोर्थ फेज स्थित श्रमिक क्षेत्र सेवा और समर्पण का केंद्र बन गया। भीलवाड़ा मजदूर संघ (टेक्सटाइल लेबर) के तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दोपहर तक 300 यूनिट से अधिक रक्तदान कर मिसाल पेश की। शिविर का शुभारंभ संकटमोचन हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज ने किया।
रक्तदान के लिए दो दर्जन से अधिक बेड लगाए गए थे और विभिन्न चिकित्सालयों की टीमों ने व्यवस्थाएं संभाली। महात्मा गांधी चिकित्सालय, रामस्नेही चिकित्सालय, अरिहंत चिकित्सालय, भीलवाड़ा ब्लड बैंक व पोरवाल ब्लड बैंक की टीमों ने रक्त संग्रह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, पूर्व सभापति ओम नराणीवाल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आजाद शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि पहुंचे और श्रमिकों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों का स्वागत संघ अध्यक्ष पन्नालाल चौधरी व पदाधिकारियों ने किया।
इस दौरान नेत्र जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा श्रमिकों की जांच की गई, वहीं श्रम विभाग की टीम ने मौके पर ही ई-श्रमिक कार्ड बनाकर योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ के सचिव विक्रम सिंह, सह सचिव राजूराम जाट, कोषाध्यक्ष सुखराम प्रजापत सहित कार्यकारिणी का सराहनीय सहयोग रहा।
मजदूर दिवस पर आयोजित यह शिविर सेवा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।