Sunday, February 15, 2026
Homeराजस्थानअलवरललिता देवी की आंखों से दो नेत्रहीनों को मिलेगी नई नेत्र ज्योति

ललिता देवी की आंखों से दो नेत्रहीनों को मिलेगी नई नेत्र ज्योति

रणवीर सिंह चौहान

भवानी मंडी|स्मार्ट हलचल/अत्यंत दुख में जब शोक स्तब्ध कुछ भी समझ पाना असंभव सा हो ऐसे में गुप्ता परिवार के नेत्रदान के निर्णय की पूरे झालरापाटन में सराहना हो रही है।मेड़तवाल समाज झालरापाटन के पूर्व अध्यक्ष सूरजमल गुप्ता की पत्नी ललिता देवी शनिवार रात्रि को पैर फिसलने के कारण छत से निचे गिर गई जिसको लेकर परिवारजन तुरंत कोटा दौड़ पड़े परंतु सिर पर गहरी चोट एवं रक्तस्राव के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। यह अप्रत्याशित समाचार पूरे परिवार के लिए एक सदमा भरा था परंतु पार्थिव शरीर के घर पहुंचने के बाद सूरजमल गुप्ता ने अपने पुत्र अशोक एवं निर्मल से माता के नेत्रदान के लिए बातचीत की, अशोक गुप्ता पहले से भारत विकास परिषद भवानीमंडी के नेत्रदान कार्यक्रम से जुड़े हुए हैं, ऐसे में परिवार की स्वीकृति मिलने के बाद दामाद मोहित गुप्ता के माध्यम से नेत्रदान संयोजक कमलेश गुप्ता दलाल को सूचित किया गया एवं सूचना पर शाइन इंडिया फाउंडेशन कोटा के डॉ कुलवंत गौड़ ने ज्योति-रथ से जल्द सुबह झालरापाटन पहुंच कर घर पर उपस्थित परिवारजनों एवं समाज सदस्यों के सामने नेत्रदान प्रक्रिया संपादित करके कॉर्निया प्राप्त किया। नेत्रदान प्रक्रिया में पदम गुप्ता, अतुल गुप्ता, हरी गुप्ता, अजय गोयल इत्यादि ने सहयोग किया।
नेत्रदान के पश्चात शाइन इंडिया फाउंडेशन के द्वारा परिवार को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
नेत्र उत्सरक डॉ कुलवंत गौड़ के अनुसार नेत्रदानी ललिता देवी का कॉर्निया अच्छा पाया गया है, जिसे आई बैंक जयपुर भिजवा दिया गया है जहां यह दो असहाय नेत्रहीनों को नई ज्योति प्रदान कर सकेगा।
कमलेश गुप्ता ने बताया कि इस हादसे की खबर जेसे ही कस्बे एवं आसपास के क्षेत्र में फैली, बड़ी संख्या में लोगों का घर पर जमावड़ा लग गया। सभी ने परिवार के द्वारा नेत्रदान की परोपकारी पहल की सराहना करते हुए इस हृदय विदारक घटना पर भारी दुख प्रकट किया। डॉ कुलवंत के अनुसार नेत्रदान भारी संताप के समय में भी परिवार के दुख को कम करता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular