नीट-यूजी 2026 परीक्षा का 3 मई को होगा आयोजन, कोटपुतली -बहरोड जिले में 19 केंद्रों पर 6168 अभ्यर्थी होंगे शामिल

ओमप्रकाश शर्मा

स्मार्ट हलचल/पावटा|राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 का आयोजन 3 मई 2026 (रविवार) को कोटपुतली -बहरोड जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। एग्जाम सिटी को-ऑर्डिनेटर संजू जोशी ने बताया कि जिले में इस परीक्षा हेतु कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6168 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके तहत 514 पर्यवेक्षक (इनविजिलेटर), 21 ऑब्जर्वर तथा 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सहायक स्टाफ की भी पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए समुचित पुलिस बल, सघन निगरानी व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु प्रशासन द्वारा एडवाइजरी एवं रूट चार्ट (क्यूआरकोड) भी जारी की गई है साथ ही पुलिस द्वारा ट्रैफ़िक मैनेजमेंट हेतु विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
* क्राउड मेनेजमेंट के दिए विशेष निर्देश *
कोटपुतली -बहरोड जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई है, परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए कड़ी चौकसी बरती जा रही है। उन्होंने पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए है। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने पुलिस व परिवहन विभाग के अधिकारियों को भीड़भाड़ की सम्भावना वाले स्थानों का चिन्हीकरण कर समय रहते क्राउड मेनेजमेंट करने के निर्देश दिए।