अंधड़ में पेड़ गिरने से वृद्ध चरवाहे की मौतः ज्योतिपुरा गांव में बकरियां बचाते समय हुआ हादसा

अंधड़ में पेड़ गिरने से वृद्ध चरवाहे की मौतः ज्योतिपुरा गांव में बकरियां बचाते समय हुआ हादसा

अविनाश मीणा

टोंक, स्मार्ट हलचल। घाड़ थाना क्षेत्र के ज्योतिपुरा गांव में रविवार को तेज अंधड़ के दौरान एक पेड़ गिरने से 70 वर्षीय वृद्ध मिश्रीलाल मीणा की मौत हो गई। मिश्रीलाल अपनी बकरियों को बचाने के लिए बाहर निकले थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ज्योतिपुरा निवासी मिश्रीलाल मीणा (70) रविवार को आए भीषण अंधड़ से अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। वे अपनी बकरियों को खूंटे से खोलने और सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए घर से बाहर निकले।

इसी दौरान हवा के तेज वेग के कारण पास ही खड़ा एक विशालकाय बबूल का पेड़ अचानक जड़ से उखड़ गया और सीधे मिश्रीलाल के ऊपर जा गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।

परिजनों के शोर मचाने और आवाज देने पर जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो ग्रामीण मौके पर जमा हुए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की सहायता से भारी-भरकम पेड़ को हटाकर रात 10 बजे मिश्रीलाल को बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण तुरंत उन्हें दूनी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात का समय होने के कारण शव को मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार सुबह 9 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घाड़ थाना प्रभारी हरीराम वर्मा ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया।

मिश्रीलाल मीणा अपने पीछे एक पुत्र और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे खेती-बाड़ी और पशुपालन के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस घटना से परिजनों और रिश्तेदारों का बुरा हाल है। ज्योतिपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है।