21 पत्रकार सम्मानित, सुदर्शन न्यूज़ गोविंदगढ़ के रमेश चंद मीणा का हुआ विशेष सम्मान
अलवर। स्मार्ट हलचल|जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) की अलवर इकाई द्वारा मोती डूंगरी स्थित पुलिस अन्वेषण मैरिज गार्डन में छठा जिला स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह एवं स्मारिका “कलम के सिपाही” का भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईपीएस कार्तिकेय वर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि एडिश्नल एसपी डॉ. प्रियंका रघुवंशी, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी रेणु बिज्जू (माथुर) व मनोज मेहरा, वरिष्ठ इतिहासकार हरि शंकर गोयल तथा पृथ्वी सिंह नरूका विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार सुनील बिज्जू की स्मृति में जिले के 21 पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुदर्शन न्यूज़, गोविंदगढ़ के सक्रिय और जुझारू पत्रकार रमेश चंद मीणा को उनके उत्कृष्ट पत्रकारिता कार्यों, क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके सम्मान से गोविंदगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और इसे स्थानीय पत्रकारिता के लिए गौरव का क्षण बताया गया।
सम्मानित अन्य पत्रकारों में राकेश असंक, सुरेश शर्मा, राजेश मुंडी, अवधेश सिंह, लक्ष्मी नारायण लक्ष्य, मनोज गुप्ता, अमित भारद्वाज, राकेश खंडेलवाल, राजेश सैनी, राहुल जोशी, विपिन मेंहदीरत्ता, धर्मेंद्र सेन, सुजीत कुमार, अशोक भारद्वाज, प्रदीप गोयल, पीयूष पाठक, डॉ. संदीप यादव, अनिल अग्रवाल, चंदू आचार्य, अर्चना जैन एवं शम्मी सेतिया शामिल रहे।
समारोह के दौरान वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले पत्रकारों के बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप हाथ घड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज संजय शर्मा एवं निशा लखानी को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत जार जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र चौहान, संरक्षक महिपाल सिंह शेखावत, पत्रकार राकेश असंक, राजेश मुंडी और अवधेश सिंह नरूका द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन रेखा महलावत ने किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता और समाज में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।
