ओम जैन
शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|चित्तौड़गढ़ जिले के ग्राम नेगड़िया कला में आगामी 28 फरवरी को प्रातः 10 से दोपहर 1 बजे तक रामजी बैरवा फार्म हाउस में सेवा और समर्पण की एक अनूठी मिसाल देखने को मिलेगी। राजस्थान पुलिस के सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल स्वर्गीय रामलाल बैरवा की चतुर्थ पुण्य स्मृति पर उनके पुत्र सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सूरज कुमार एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा एक विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन गोमाबाई नेत्रालय नीमच द्वारा जिला अंधत्व निवारण समिति चित्तौड़गढ़ की प्रशासनिक अनुमति एवं जिला अंधत्व निवारण समिति नीमच के आर्थिक सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
परोपकार की राह: पुत्र ने निभाया पिता का संकल्प
सामाजिक सरोकार की इस मुहिम के प्रेरक एएसआई सूरज कुमार ने बताया कि यह शिविर उनके पिता की स्मृति को समर्पित है। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आँखों की बीमारियों से ग्रसित उन लोगों तक उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा पहुँचाना है, जो आर्थिक अभाव के कारण अपना इलाज नहीं करा पाते।
