अनिल कुमार
ब्यावर | स्मार्ट हलचल|खाद्य विभाग और जिला कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद जिला रसद विभाग ने आज सोमवार को मिलावटी डीजल के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला रसद अधिकारी (DSO) के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने एनएच-8 पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध डीजल और उपकरण बरामद किए हैं।
मुख्य कार्रवाई की जानकारी
सूचना के आधार पर रसद विभाग और पुलिस थाना ब्यावर सदर के संयुक्त दल ने ग्राम रानीसागर स्थित जोगणिया होटल के पास छापेमारी की। इस दौरान विभाग ने पाया कि हाईवे के किनारे अवैध रूप से डीजल की खरीद-फरोख्त का खेल चल रहा था।
जब्ती: कुल 1050 लीटर मिलावटी डीजल बरामद किया गया, जो 3 ड्रमों और 9 जरीकेनों में भरकर रखा गया था।
उपकरण: डीजल नापने के लिए विभिन्न माप के कोनिकल (10L, 5L, 1L), प्लास्टिक पाइप और कीप जब्त किए गए।
आरोपी: मौके से आरिफ काठात (पुत्र श्री नेनु जी, निवासी मसूदा) को चिन्हित किया गया है।
हाईटेंशन लाइन के नीचे ‘बारूद’ का ढेर
जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि यह अवैध गतिविधि 33 KVA की हाईटेंशन विद्युत लाइन के बिल्कुल नीचे संचालित की जा रही थी। ज्वलनशील पदार्थ का इस तरह असुरक्षित भंडारण किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहा था। आरोपी हाईवे से निकलने वाले वाहनों से ₹80 प्रति लीटर में डीजल खरीदकर उसे अन्य वाहनों को ₹85 में बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था।
यह कृत्य MS/HSD आदेश 2005 और पेट्रोलियम नियमों का गंभीर उल्लंघन है। प्रशासन ने पूरी सामग्री जब्त कर आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना ब्यावर सदर को सौंप दी है।
जांच दल में शामिल अधिकारी
इस सफल कार्रवाई में जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक, प्रवर्तन अधिकारी सोहन सिंह चौहान, प्रवर्तन निरीक्षक विक्रांत मथुरिया व रामेश्वर डूडी, ब्यावर सदर थानाधिकारी गजराज और ASI महेश कुमार मय जाब्ता शामिल रहे।
