जिला कलेक्टर के सख्त निर्देश: जहाजपुर में अवैध खनन पर आज से 11 मई तक संयुक्त टीम की छापेमारी

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब / स्मार्ट हलचल)। क्षेत्र में अवैध खनन, निर्गमन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम आज से 11 मई 2026 तक सघन छापेमारी अभियान चलाएगी। इस दौरान अवैध खनन से जुड़े माफियाओं पर चारों तरफ से नकेल कसी जाएगी।

पांच विभागों की संयुक्त टीम, ड्रोन से रखी जाएगी नजर

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एक मजबूत संयुक्त जांच दल का गठन किया गया है। इसमें उपखंड स्तर के राजस्व अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, परिवहन विभाग, वन विभाग और खान विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर बॉर्डर होमगार्ड की सेवाएं भी ली जाएंगी। शासन के निर्देशानुसार इस अभियान में सीसीटीवी सर्विलांस और ड्रोन सर्वे का भी उपयोग किया जाएगा, जिसका खर्च डीएमएफटी (DMFT) फंड से वहन होगा।

90 दिन में राजसात होंगे वाहन, खातेदारी होगी निरस्त

कलेक्टर संधू ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर वाहन, मशीनरी और उपकरण तुरंत जब्त किए जाएंगे। यदि प्रकरण दर्ज होने के 90 दिनों के भीतर कंपाउंडिंग नहीं होती है, तो संबंधित वाहन व उपकरणों को राजसात कर लिया जाएगा।

सबसे बड़ी कार्रवाई के तहत यदि किसी की ‘खातेदारी भूमि’ में अवैध खनन पाया जाता है, तो उसकी खातेदारी निरस्त करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाएगी। अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौजूद रहेगा।